उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट: देहरादून समेत 6 जिलों में भारी ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी इलाके इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत मेहरबान बना हुआ है। पहाड़ों में आंशिक बादलों के बीच कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। बुधवार को भी प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और पारे में वृद्धि की आशंका है।

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक तक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य रहा।

रुड़की, खटीमा, पंतनगर समेत कई मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले एक से दो दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

बुधवार को उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा व गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

हालांकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। इस बीच प्रदेश में गुरुवार से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 37.4, 22.2

पंतनगर, 40.0, 24.6

मुक्तेश्वर, 26.2, 14.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *