देहरादून। कांग्रेसियों ने शनिवार को डीएसओ कार्यलय पर हंगामा किया। उन्होंने डीएसओ केके अग्रवाल के कार्यालय में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शादियों के लिए एजेंसी वाले गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। जबकि डीएसओ द्वारा हर रोज गैस का पर्याप्त स्टॉक बताया जा रहा है। गरीब लोगों को गैस नहीं मिल रही है। जबकि भाजपा कार्यकर्ता अपने लोगों को एक फोन पर सिलिंडर उपलब्ध करा रहे हैं।
कांगेस प्रदेश महामंत्री विनोद सिंह चौहान ने कहा कि शादी के लिए 2 सिलिंडर पर्याप्त नहीं है। शासन ने बगैर सोचे समझे एसओपी जारी कर दी है। इससे शादी विवाह करने वाले परिवारों के सामने समस्या खड़ी हो गई है।
सामान्य विवाह में भी भोजन तैयार करने में 10 से अधिक सिलिंडर का इस्तेमाल होता है। ऐसे में दो सिलिंडर का नियम हास्यप्रद है। शासन को एसओपी में बदलाव कर विवाह वाले दोनों पक्षों को 5-5 सिलिंडर दिए जाए। डीएसओ कार्यालय पर अभी हंगामा जारी है।