देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं और वर्षा के आसार बने हुए हैं।
बदले मौसम के बीच पारे में भी मामूली कमी दर्ज की गई है। वहीं, अगले कुछ दिन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के सात जिलों में ओलावृष्टि, अंधड़ और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अन्य जिलों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
शुक्रवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। घने बादलों के बीच दिनभर वर्षा के आसार बने रहे।
मसूरी और आसपास के क्षेत्र में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की सूचना है।
हालांकि, शाम को दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिल गई, लेकिन रात को मध्यम हवाएं चलती रहीं और उमस से राहत मिली।
बीते गुरुवार को 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुके दून के अधिकतम तापमान में कमी आई और शुक्रवार को यह 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि व आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही कहीं-कहीं 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 32.2, 18.3
ऊधमसिंह नगर, 32.6, 16.8
मुक्तेश्वर, 20.5, 12.3
नई टिहरी, 20.9, 12.5