देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार वर्षा व बर्फबारी का दौर जारी है।
शुक्रवार को भी उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में मौसम खराब रहा। पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई तो मैदानी इलाकों तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
पिथौरागढ़ में बारिश जारी, मुनस्यारी में बेटूलीधार, कालामुनि, नया बस्ती तक बर्फबारी, मध्य हिमालाय के छिपलाकोट तक भारी हिमपात।
पिथौरागढ़ जिले में गुरुवार रात्रि से ही तेज गरज के साथ भारी वर्षा। अभी भी हल्की वर्षा जारी, उच्च हिमालय में ऊंची चोटियों सहित दारमा, व्यास और जोहार में हिमपात हो रहा है। खलिया टाप तक हिमपात की सूचना है। सीमा मार्गों के अभी तक बंद होने की कोई सूचना नहीं है।
चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि निचले इलाकों में शाम के समय झमाझम बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में पारा एक से सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के सभी जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। वहीं 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।