देहरादून। गैस सिलिंडर की घर-घर आपूर्ति करना जहां परे बनी हुआ है, वहीं गैस बुकिंग कराने में उपभोक्ताओं के पसीने छुट रहे हैं।
ऑनलाइन बुकिंग में अड़चने और बुकिंग के बाद सिलिंडर की डिलीवरी में देरी से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों की दौड़ लगाने पड़ रही है। उपभोक्ता एजेंसियों पर ऑफलाइन सिलिंडर बुकिंग कंफर्म कराने पहुंच रहे हैं। आधार बेस केवाईसी कराने के लिए भी उपभोक्ता एजेंसियों का रुख कर रहे हैं। वहीं, साल के तय कोटे का उपयोग पूरा होने और अतिरिक्त सिलिंडर की जरूरत उपभोक्ताओं को एजेंसियों के दरवाजे तक ला रही है।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के हालातों ने एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ाई हुई है। वहीं, राजधानी दून में भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मांग के अनुरूप गैस सिलिंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घरों तक नहीं हो पा रही है। इससे इंतजार लंबा हो रहा है और उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे रहा है। गुरुवार को भी शहर और ग्रामाीण क्षेत्राें में विभिन्न एजेंसियाें पर उपभोक्ता की सामान्य भीड़ लगी रही।
शहर स्थित जयदीप गैस एजेंसी बालावाला, आधुनिक गैस एजेंसी जोगीवाला, अनुराग गैस एजेंसी भंडारी बाग, सत्यशील एजेंसी निरंजनपुर मंडी, अमरदीप गैस सर्विस जीएमएस रोड व डिवाइन भारत गैस एजेंसी कलेमेंटाउन में उपभोक्ता अपनी बुकिंग कंफर्म कराने और अन्य कार्यों से पहुंचते रहे। इस दौरान एजेंसियों पर अधिकांश वे उपभोक्ता नजर आये जो ऑनलाइन बुकिंग नहीं होने के कारण ऑफलाइन अपनी बुकिंग कराने पहुंचे थे। उपभोक्ताओं ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग कराने में परेशानी हो रही है।
सर्वर डाउन होने से घंटों समय बरबाद हो रहा है और बुकिंग कंफर्म नहीं हो रही है। वहीं, तीन से चार दिन पहले गैस बुकिंग होने के बाद आपूर्ति में देरी से खफा उपभोक्ता एजेंसी कर्मियों को अपनी परेशानी गिनाते रहे। इस दौरान कुछ उपभोक्ता ने वर्ष के 15 सिलिंडरों का निर्धारित कोटा खत्म होने पर एजेंसी प्रबंधन से अतिरिक्त सिलिंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। उपभोक्ताओं ने सिलिंडरों के लिए एजेंसी प्रबंधन को अपने लिखित प्रार्थना पत्र सौंपे। उधर, एजेंसी प्रबंधन उपभोक्ताओं को जल्द सिलिंडर उपलब्ध कराने व अन्य समस्याओं के निदान के प्रति आश्वस्त करते रहे।