देहरादून। जिले में स्वाइन फ़्लू (एच1एन1,इन्फ्लूएंजा) के मामलों का आंकड़ा बढ़कर अबतक 300 पहुंच गया है। 586 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 300 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 201 मरीज देहरादून जबकि 99 अन्य राज्यों के हैं।
वर्तमान में 101 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 197 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दो मौतों का उल्लेख किया गया है, जिनका डेथ ऑडिट के बाद आंकड़ा दर्ज किया गया है। संक्रमित मरीजों में 137 महिलाएं और 163 पुरुष हैं
नये मामलों की बात करें तो शनिवार को 65 सैंपल लिए गए जिसमें 29 नये मामले सामने आए हैं। इनमें 19 दून जबकि 10 अन्य राज्यों से हैं।
देहरादून में कोविड के दो नये मामले आए। जिसमें एक देहरादून जबकि दूसरा अन्य जगह से है। अब तक 327 नमूनों की जांच में 41 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 17 देहरादून और 24 अन्य राज्यों के हैं। तीन मरीज वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं।
डेंगू का एक नया मामला मिला, 130 पहुंची मरीजों की संख्या
देहरादून में डेंगू संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। शनिवार को 571 सैंपल की जांच में एक व्यक्ति की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। इसके साथ जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 130 पहुंच गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 25,415 सैंपल की जांच में 130 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें देहरादून के 64 और अन्य जिलों के 66 मरीज शामिल हैं। 119 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 11 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, चिकनगुनिया का एक नया मामला सामने आया। जिले में अब तक चिकनगुनिया के 78 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।