किरायेदार और नए परिवारों के सामने रसोई चलाने का संकट, देहरादून में 5 महीने से घरेलू LPG कनेक्शन बंद

देहरादून। नई रसोई शुरू करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए घरेलू गैस कनेक्शन ही सबसे बड़ी अड़चन बन गया है। दून में पांच माह से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन की व्यवस्था बंद होने के कारण 1930 आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। किराये के मकान में नए आए परिवार हों या हाल में अलग गृहस्थी शुरू करने वाले लोग, कनेक्शन के इंतजार में गैस एजेंसियों से लेकर जिला आपूर्ति कार्यालय तक चक्कर काट रहे हैं। लेकिन तेल कंपनियों का पोर्टल बंद होने के कारण उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पा रहा।

25 मार्च से 14.2 किलो वाले नए घरेलू कनेक्शन का पोर्टल बंद

विभागीय सूत्रों के अनुसार 25 मार्च से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के नए कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन और पोर्टल प्रक्रिया अस्थायी रूप से बंद है। इसका उद्देश्य मौजूदा उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति बनाए रखना बताया जा रहा है। हालांकि, इसका खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ रहा है जिन्हें पहली बार घरेलू कनेक्शन की जरूरत है। सबसे ज्यादा परेशानी किरायेदारों और नए परिवारों को है।

पांच माह से आवेदन लंबित होने के बावजूद पोर्टल कब खुलेगा, इसकी निश्चित तारीख तक नहीं बताई जा रही। ऐसे में आवेदकों की परेशानी के साथ लंबित आवेदनों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है।

सात लाख घरों की गैस आपूर्ति, 70 एजेंसियों पर जिम्मेदारी

देहरादून जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की एजेंसियों से सात लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ता जुड़े हैं। करीब 9000 उज्ज्वला लाभार्थियों को भी इन्हीं एजेंसियों से गैस मिल रही है। वहीं होटल, रेस्टोरेंट व छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करीब 16 हजार कमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है।

जिले में इंडियन ऑयल की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सात एजेंसियां, यानी कुल 70 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इतने बड़े उपभोक्ता आधार के बावजूद नए कनेक्शन की प्रक्रिया ठप होने से हजारों आवेदक अनिश्चितता में हैं।

पोर्टल खुलने की तारीख पर अधिकारी भी मौन

नए घरेलू कनेक्शन का पोर्टल दोबारा कब खुलेगा, इसकी फिलहाल कोई समयसीमा तय नहीं है। विभागीय सूत्रों के अनुसार वैश्विक एलपीजी आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने और देशव्यापी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल खोले जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *