उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, मौसम विभाग ने 6 जिलों में जारी किया झमाझम बारिश का यलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हैं। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बौछारों का दौर जारी है। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि निचले क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। आज भी देहरादून-नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है

देहरादून में सुबह धूप खिली रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट बदली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब दो से ढाई घंटे तक तेज वर्षा का दौर जारी रहा। इस दौरान मालदेवता में 90 मिलीमीटर और सहस्रधारा में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ा

कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कोटद्वार में भी तेज बारिश हुई, जबकि कुमाऊं के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा के तीव्र दौर दर्ज किए गए। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें प्रभावित हुई हैं।

वहीं निचले इलाकों में नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *