देहरादून में शिक्षकों से मारपीट करने वाला दारोगा निलंबित, पॉलीटेक्निक कांड में SSP ने की कार्रवाई

देहरादून। राजकीय पालिटेक्निक संस्थान पित्थूवाला में शिक्षकों के साथ मारपीट करने वाले दारोगा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने निलंबित कर दिया है।

पांच जून को दारोगा (दूरसंचार) महेश कंडवाल अपने परिचितों के साथ जबरन संस्थान के अंदर दाखिल हुए और वहां काम कर रहे शिक्षकों को थप्पड़ जड़े और कुर्सियां उठाकर मारी। इस मामले में एसएसपी ने गंभीरता से लिया है।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि दारोगा महेश कंडवाल ने पद की गरिमा के अनुरूप व्यवहार न करते हुए शिक्षण संस्थान में शिक्षकों के साथ मारपीट व अभद्रता कर उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। मारपीट में एसटीएफ के एक और दारोगा का नाम सामने आया है, जिसकी रिपोर्ट एसटीएफ उत्तराखंड को भेज दी है।

राजकीय पालिटेक्निक पित्थूवाला में दारोगा की ओर से बीते पांच जून को मारपीट का मामला सामने आया था। बेटे की हरकत पर पर्दा डालते हुए दारोगा अपने परिचितों के साथ संस्थान के अंदर दाखिल हुआ और शिक्षक व कर्मचारियों को बुरी तरह से पीट दिया।

आरोप है कि परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में पकड़े गए बेटे के समर्थन में दारोगा परिचितों के साथ अगले दिन कालेज पहुंचा और मारपीट कर डाली।

इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने छात्र व उसके दारोगा पिता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दारोगा की शिकायत पर चार शिक्षकों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *