Dehradun मोथरोवाला स्थित एसजीआरआर अस्पताल के निकट थार चालक ने अधिवक्ता की कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर थार में सवार तीन आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया।
किसी तरह लोगों ने उन्हें छुड़वाया। इसके बाद बाइक सवारों ने उनका पीछा कर बंगाली कोठी चौक के निकट उनकी कार के शीशे फोड़ दिए। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा ने बताया कि रविवार शाम को वह अपने बड़े भाई रोहित शर्मा के साथ डोईवाला वाया दूधली मार्ग से अपने घर बंगाली कोठी चौक आ रहे थे।
एसजीआरआर अस्पताल, मोथरोवाला के निकट एक काली थार, जिसमें तीन लोग सवार थे और नशे की हालत में थे। वह थार वाहन को बड़े खतरनाक तरीके से चला रहे थे। थार चालक ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी।
विरोध किया तो थार से तीन लोग उतरे और गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के बाद हमला शुरू कर दिया। वहां लोगों ने किसी तरह उन्हें छुड़वाया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी। वह वहां से निकले ही थे कि कुछ ही दूरी से बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
उनके हाथ में पत्थर व चाकू थे। आरोपितों ने बंगाली कोठी चौक पर लगी सब्जी की ठेली के सामने उन्हें रोककर कार पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी कार का आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोपित धमकी देकर वहां से फरार हो गए। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी नवीन नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर थार में सवार व बाइक सवारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।