देहरादून। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में चल रही चिकित्सकों की कमी दूर होने जा रही है। राज्य को 243 नए डाक्टर मिलने जा रहे हैं।
चिकित्सकों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नए चिकित्सकों से पहाड़ के अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की ओर से चयनित 243 चिकित्सकों को 14 मई को मुख्यमंत्री सेवक सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
इसके बाद सरकार विभिन्न अस्पतालों में रिक्त पदों के आधार पर उनकी तैनाती होगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संयुक्त निदेशक प्रशासन प्रीति पंत के अनुसार सामान्य ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के 243 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नई तैनातियों से पहाड़ के अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बेहतर होंगी और मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर कम भागना पड़ेगा।