कब होगी उत्तराखंंड से मानसून की विदाई? IMD ने दिया अपडेट, आज उत्तरकाशी-नैनीताल सहित 7 जिलों में हल्की बारिश

देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून की विदाई की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिन के दौरान मानसून राज्य के कुछ हिस्सों से विदा हो सकता है। इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस बीच प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और तेज धूप खिलने से तपिश बढ़ रही है। तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की बौछारें भी पड़ रही हैं

आज सात जिलों में हल्की बारिश और गर्जन के आसार, मैदान में धूप

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के सात जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा अथवा गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है

कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। वहीं, प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिन में लौट सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के कुछ और हिस्सों के साथ हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों से भी वापस लौट गया। मानसून की वापसी की रेखा जैसलमेर, नागौर, सीकर, रोहतक, पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है।

विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिन के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के शेष हिस्सों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *