देहरादून। डीएवी पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से गाली-गलौज करने वाले हरियाणा के गायक मासूम शर्मा के विरुद्ध दून पुलिस अब सख्ती के मूड में है।
पुलिस ने गायक को रिमाइंडर भेजकर तत्काल जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए कहा है।
यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस रिमाइंडर नोटिस के बावजूद वह पेश नहीं होते हैं तो उनके विरुद्ध गिरफ्तारी के वारंट जारी करवाए जाएंगे।
11 अप्रैल को डीएवी कालेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से गालियां देने वाले हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर किया गया है।
अधिवक्ता सेवा मंच के अध्यक्ष संदीप मोहन चमोली की ओर से भी गायक के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी गई।
प्रांचल के अनुसार, डीएवी कालेज में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को आमंत्रित किया गया था। गायक ने मंच पर सार्वजनिक रूप से सैकड़ों छात्र-छात्राओं के समक्ष कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
मुकदमा दर्ज होने बाद पुलिस की ओर से उन्हें पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने व्यस्तता होने के चलते अपने भाई और अधिवक्ता को देहरादून भेजा था।
गायक ने दून पुलिस से संपर्क कर 10 मई तक व्यस्तता के चलते समय मांगा। 10 मई तक भी वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि गायक को अब रिमाइंडर नोटिस भेजा है। इसके बाद भी यदि वह जांच अधिकारी के समक्ष पेश नहीं होते तो उनके विरुद्ध गिरफ्तारी के वारंट जारी किए जाएंगे।