उत्तराखंड में बादलों का डेरा, अगले दो दिन भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मई में ही मानसून जैसे हालात हो गए हैं। प्रदेशभर में बादल मंडरा रहे हैं और वर्षा के दौर जारी हैं। कहीं-कहीं तेज बारिश, ओलावृष्टि से जनजीवन भी प्रभावित है।

देहरादून में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए कई जिलों में आरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार बादल मंडराने के साथ बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून में दोपहर बाद घने बादलों के बीच तेज बौछारें पड़ीं, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया।

वहीं, मसूरी समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम बदला हुआ है।

बादलों की आवाजाही के बीच रुक-रुक कर वर्षा हो रही है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह ओलावृष्टि हुई। कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कई स्थानों पर झमाझम बारिश रिकार्ड की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में घने बादल छाए रहेंगे और तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं।

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

साथ ही वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी तेज बारिश, बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 31.2, 23.0

ऊधमसिंह नगर, 34.4, 22.4

मुक्तेश्वर, 20.7, 11.1

नई टिहरी, 21.0, 13.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *