उत्तराखंड में लौटा 2 दशक पुराना मौसम का मिजाज, मई में भी गर्मी से राहत और बारिश का दौर जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का करीब दो दशक पुराना पैटर्न फिर देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ से मैदान तक जगह-जगह हल्की से मध्यम वर्षा के दौर हो रहे हैं और मई के दूसरे सप्ताह में भी गर्मी से राहत है।

हालांकि, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में पारा रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया था, तभी मौसम का मिजाज बदला और राहत बरसने लगी। उत्तराखंड में देहरादून-मसूरी कभी इसी प्रकार के मौसम के लिए मशहूर थे। आगे भी प्रदेश में मिला-जुला मौसम देखने को मिल सकता है

प्रदेश में देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा भी दर्ज की जा रही है।

हालांकि, अगले दो दिन मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तेज धूप खिलने से पारे में वृद्धि के आसार हैं। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

इसके बाद आगामी 11 मई से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम प्रणाली में लगातार सक्रिय बदलावों के चलते राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तराखंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) अभी भी सक्रिय बना हुआ है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई देगा।

इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तर पर बना चक्रवाती परिसंचरण भी मौसम को अस्थिर बना रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तराखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश, तेज गर्जना और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और अल्मोड़ा में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 32.3, 18.5

ऊधमसिंह नगर, 32.0, 17.4

मुक्तेश्वर, 16.6, 7.4

नई टिहरी, 22.0, 9.6

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *