देहरादून में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत

देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसा शास्त्री नगर स्थित वी मार्ट के पास उस समय हुआ, जब बाइक सवार महिला और उसका रिश्तेदार रिस्पना से डोईवाला की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की शाम कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि शास्त्री नगर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना हुई है और घायल महिला को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही थाना नेहरू कालोनी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

घटना की जानकारी देने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि वह अपनी रिश्तेदार महिला के साथ बाइक पर सवार होकर डोईवाला की ओर जा रहा था। जैसे ही वे शास्त्री नगर वी मार्ट के पास पहुंचे, पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान रिंकी पत्नी बबलू, उम्र 30 वर्ष, निवासी उत्तरकाशी के रूप में हुई है

पुलिस ने मृतका के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी है। देर रात होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस के मुताबिक शनिवार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक और वाहन की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *