देहरादून में ‘ऑपरेशन नाइट वाच’ शुरू, हुड़दंगियों पर पुलिस का शिकंजा

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में मारपीट में हुई छात्र की मौत के बाद पुलिस ने रात्रि में घूमने और हुड़दंग मचाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर ‘आपरेशन नाइट वाच’ शुरू किया गया है।

सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिह्नित करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।

रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी के साथ-साथ अराजक तत्वों पर नकेल कसने के लिए लगातार स्थान बदल-बदल कर चेकिंग की जाए।

दो दिनों में शहर से लेकर देहात तक चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उन सभी के 71 वाहन सीज किए गए।

चेकिंग के दौरान वाहनों में हूटर, काले शीशे लगाने व यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12 अन्य वाहनों को सीज किया गया।

98 वाहन चालकों के मोटर व्हीकल एक्ट में चालान कर उनसे 38,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 21 कोर्ट के चालान किए गए।

इस दौरान पुलिस की ओर से 2663 वाहनों को चेक किया गया। 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन संबंधित जानकारी प्राप्त की गई।

रात्रि में अनावश्यक घूम रहे 288 व्यक्तियों से पुलिस टीमों ने पूछताछ करते हुए 156 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया।

इस दौरान 99 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए उन पर 49,500 रुपये का जुर्माना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *