देहरादून। न्यू कैंट मार्ग पर दिलाराम बाजार से विजय कालोनी पुल तक सड़क को दो लेन से तीन लेन में अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए 12.57 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई। इस कार्य के तहत विद्युत लाइनों को यूटिलिटी डक्ट में स्थानांतरित करने के साथ ही पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग भी की जाएगी। इससे यातायात सुगम होगा और क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में अधिकृत वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की कई महत्वपूर्ण आधारभूत विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में यूआइडीएफ फंड के अंतर्गत इस धनराशि का प्रविधान किया गया।
सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग मितव्ययी और पारदर्शी तरीके से किया जाए। बिना पर्याप्त जांच के कोई भी प्रस्ताव उच्च स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत न किया जाए और सभी परियोजनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।