देहरादून। राजपुर रोड थानाक्षेत्र के पॉश इलाके जज कॉलोनी में बीती रात हवाई फायरिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग करने वाले को हिरासत में ले लिया। पहचान 41 साल के विकास गुप्ता के तौर पर हुई। कॉलोनी में ही किराए पर रहता है। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी लोडेड पिस्टल जब्त कर ली, जिसमें छह कारतूस थे। पेशे से व्यवसायी बताया जा रहा है।
आरोपी ने अपनी सफाई में कहा है कि उसके ऊपर वाले फ्लोर में शराब पीकर कुछ युवक शोर-शराबा कर रहे थे। उनकी बालकनी में बीयर की बोतल गिरा दी थी। इसलिए उन्हें डराने के लिए हवाई फायर किया था।
पुलिस को मंगलवार रात 10:52 बजे डायल-112 के जरिए सूचना मिली कि जज कॉलोनी में किसी ने हवाई फायर किया है। कॉल पर जाखन चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने फायरिंग की तस्दीक की। उन्होंने दो गोलियां चलाए जाने की जानकारी दी, हालांकि पुलिस को मौके पर एक खाली खोखा ही बरामद हुआ।चश्मदीद गवाहों के शिनाख्त करने पर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में मिली 0.32 बोर की लोेडेड पिस्टल
थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी की तलाशी में एक 0.32 बोर की पिस्टल बरामद हुई। आरोपी ने बुलंदशहर से जारी अपना शस्त्र लाइसेंस दिखाया, जो 31 दिसंबर 2026 तक वैध है।
पुलिस ने छत की बालकनी (घटनास्थल) की जांच की, जहां से हवाई फायर करने की जानकारी दी गई थी। वहां एक खाली खोखा भी बरामद हुआ, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई। लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करना और सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग करना शस्त्र अधिनियम की शर्तों का उल्लंघन है। इस आधार पर शस्त्र अधिनियम उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया। आरोपी का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पहले माफीनामा लिखवाया, फिर गोली चलाकर डराया
मौके पर मौजूद चश्मदीद युवकों का कहना है कि वह विधि के छात्र हैं। आरोपी के ऊपर वाले फ्लोर पर रहते हैं। एक छात्र विनोद ने बताया कि वे एक दिन पहले अपने फ्लैट की बालकनी में दोस्तों के साथ बीयर पी रहे थे, लेकिन शोर-शराबा नहीं कर रहे थे।
मुंडेर पर रखी एक खाली बीयर की बोतल गलती से निचले फ्लोर पर रहने वाले विकास की बालकनी में गिर गई। इस पर विकास ने उन्हें बहुत डांटा और पुलिस को शिकायत कर दी। तब उन्होंने अपनी गलती मानी और पुलिस चौकी में माफीनामा लिखकर दिया था। अगली रात, वे और उनके दोस्त बालकनी में चाय पी रहे थे। तभी विकास गुस्सा करने लगे और बालकनी से फायर कर दिए। ध्रुव नामक युवक ने पुलिस को सूचना दी।