देहरादून में जहरखुरानी गिरोह सक्रिय लिफ्ट देने वाले युवक से स्कूटी मोबाइल लूटा

देहरादून। राजधानी देहरादून में जहरखुरानी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। आइटी पार्क चौकी क्षेत्र में एक युवक के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी और लूट का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति की ओर से नशीला पदार्थ सुंघाकर स्कूटी और मोबाइल फोन गायब करने की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ित आशुतोष यादव निवासी कृष्णा विहार ने आइटी पार्क चौकी प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि बीते 21 जनवरी की शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपनी स्कूटी से कैनाल रोड होते हुए काठबंगला पुल के रास्ते सहस्रधारा रोड जा रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे सहस्रधारा की ओर जाने के लिए लिफ्ट मांगी।

पीड़ित के अनुसार, रास्ते में उक्त व्यक्ति ने सहस्रधारा वाइन शाप तक छोड़ने की बात कही। पेट्रोल भरवाने के बाद वह उसे वाइन शाप तक छोड़कर वहीं स्थित कैंटीन में चले गए। इसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं है कि वह कैसे और किन परिस्थितियों में अगली सुबह कुठालगेट चौकी पहुंचे। जब होश आया तो उनकी स्कूटी और मोबाइल फोन दोनों गायब थे।

पीड़ित का कहना है कि आशंका है कि उसे किसी नशीले पदार्थ सुंघाकर बेहोश किया गया, जो जहरखुरानी गिरोह की कार्यशैली से मेल खाता है। पीड़ित ने पुलिस से स्कूटी और मोबाइल का शीघ्र पता लगाने और उनके दुरुपयोग को रोकने की मांग की है। यह मामला पुलिस के लिए भी जहरखुरानी गिरोह की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *