कैफे ओनर महिला ने नहीं दिया उधार तो लड़कों ने फाड़े उसके कपड़े, देहरादून में सामने आई घटना ने किया सन्न

देहरादून। मांडूवाला-डूंगा रोड पर स्थित एक कैफे में देर रात महिला संचालक के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट की घटना प्रकाश में आई है। आरोप है कि उधार में सिगरेट-तंबाकू देने से इन्कार करने पर शराब के नशे में धुत युवकों ने न केवल महिला के कपड़े फाड़े, बल्कि बीच-बचाव करने आए ग्राहकों पर भी जानलेवा हमला कर दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता अंजली, जो मांडूवाला-डूंगा रोड पर कैफे संचालित करती हैं, ने झाझरा चौकी में दी तहरीर में बताया कि बीते 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे वह अपने कैफे में काम कर रही थीं। तभी पड़ोस के कुछ युवक कार से आए और सिगरेट-तंबाकू उधार मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला के कपड़े फाड़ दिए। घटना देख कैफे के बाहर मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया तो आरोपित युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी

आरोप है कि एक युवक ने पीछे से लोहे की राड से एक ग्राहक के सिर पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। स्थिति बिगड़ते देख महिला संचालक ने खुद को और ग्राहकों को कैफे के अंदर बंद कर लिया और 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोपितों ने जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा।

पीड़ित का कहना है कि आरोपित युवक आए दिन शराब पीकर उधार मांगते हैं और मना करने पर गाली-गलौज और धमकियां देते हैं, जिससे उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। शिकायत में नामजद आरोपितों में निखिल, सुरजीत, सूरज, लक्ष्मीचंद सहित आठ से 10 अज्ञात युवक बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *