देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर बादल मंडराते रहे, जबकि ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात और निचले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
सोमवार को देहरादून समेत राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिन में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
चारधाम क्षेत्रों सहित हेमकुंड साहिब, औली और अन्य ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के दौर देखने को मिले। मौसम के करवट लेने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
हालांकि, न्यूनतम तापमान में फिलहाल बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों पर व देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा या 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 22.4, 11.4
ऊधमसिंह नगर, 22.9, 7.0
मुक्तेश्वर, 13.1, 5.8
नई टिहरी, 18.6, 5.8