Uttarakhand Weather: सावन की धूप में जेठ सी तपिश ने छुड़ाए पसीने, रविवार को भारी बारिश का अलर्ट

 

देहरादून। उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में करीब एक सप्ताह के बाद दिनभर धूप खिली रही। आसमान साफ होने से सावन में जेठ जैसी धूप महसूस की गई, जिसने दिनभर पसीने छुड़ाए। हालांकि, शाम को कहीं-कहीं बादल मंडराने लगे और बारिश के आसार बने रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है। खासकर कुमाऊं में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के दौर हो सकते हैं। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून समेत अन्य क्षेत्रों में भी तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं।

तेज धूप ने ली परीक्षा

शनिवार को कई दिनों के बाद दून में आसमान साफ रहा और सुबह से ही चटख धूप खिली रही। दोपहर में भी तेज धूप ने परीक्षा ली। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। उमस और तपिश ने दिनभर बेहाल किया।

शाम को दून में कहीं-कहीं बादल मंडराने लगे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भी दिनभर धूप खिली रही। प्रदेशभर में केवल नई टिहरी क्षेत्र में हल्की बौछारें पड़ीं। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *