उत्‍तराखंड के पहाड़ों में मौसम के तेवर तल्ख, आज बारिश के आसार और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट

 

देहरादून। Uttarakhand Weather : देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदल ली है। इसके साथ ही बारिश व ओलावृष्टि का दौर भी शुरू हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। भूस्खलन और ओलावृष्टि से मार्गों व खेतों को नुकसान पहुंचा है।

दून और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल मंडराते रहे और शाम को बौछारें पड़ीं। जिससे पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में गर्जन के साथ ओलावृष्टि, अंधड़ व बौछारों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के भी आसार हैं।

रात को तापमान में आई गिरावट

बुधवार को दून में सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर में आंशिक बादल मंडराने लगे। शाम को बादलों के बीच बौछारें शुरू हो गईं। हालांकि, दून में बारिश ज्यादा नहीं हुई, लेकिन रात को बादलों की गड़गड़ाहट रही। आसपास के क्षेत्रों में हल्की बौछारें दर्ज की गईं। जिससे रात को तापमान में कुछ गिरावट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *