dehradun-city रहे सावधान! दिन गर्म, रात को पारे में गिरावट; सेहत हो सकती है नासाज

 

देहरादून। Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और निचले इलाकों में हवा चलने से गर्मी से कुछ राहत मिली। दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।

दिन और रात के तापमान में अंतर दोगुने से अधिक हो गया है। जिससे सेहत के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने की आशंका है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट

दून में शनिवार सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद हल्की हवाएं चलने लगीं और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल भी मंडराते रहे। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में भी कही-कहीं बादलों का डेरा रहा। पहाड़ से मैदान तक हवाएं चलने से चिलचिलाती गर्मी से फौरी राहत रही। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

खटीमा में दिन का पारा पूरे चार डिग्री सेल्सियस गिरा है तो दून में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में अभी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है।

रविवार को आसमान रहेगा साफ

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में रविवार को आसमान साफ रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *