Weather Update: झमाझम बारिश से उत्‍तराखंड में लौटी ठिठुरन, भारी बर्फबारी से रास्‍ते बंद; आज भी मौसम खराब

देहरादून। Weather Update: उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने से पहाड़ों में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। चारधाम समेत तमाम चोटियों पर भारी हिमपात हुआ। जिससे गंगोत्री, बदरीनाथ हाईवे समेत कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इसके अलावा निचले इलाकों में भी झमाझम वर्षा हुई और पहाड़ से मैदान तक पारे में भी गिरावट दर्ज की गई है।

आज रविवार को भी प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। हल्‍द्वानी में बूंदाबांदी के साथ हवाएं चलीं। जिससे मौसम में कुछ ठंडक महसूस की गई।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात

कमाऊं के भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। चीन सीमा से सटे क्षेत्रों में सड़क मार्ग बाधित हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिजली-पानी समेत रसद की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ ही कड़ाके की ठंड परीक्षा ले रही है। पहाड़ों में अभी बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज चोटियों पर भारी हिमपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही निचले इलाकों में भी हल्की वर्षा के आसार हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कम बना रह सकता है।

होली के दिन शुक्रवार को उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहा। दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौनी चलती रही। शाम को घने बादलों के आसमान में डेरा डालने के साथ ही ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर शाम चोटियों पर हिमपात का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चला। इसके अलावा निचले इलाकों में भी झमाझम वर्षा का क्रम बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *