देहरादून। Dehradun Mercedes Accident:राजपुर रोड पर बुधवार देर रात पैदल चल रहे चार श्रमिकों को कुचलकर फरार मर्सिडीज बेंज जीएलएस-400डी के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना के समय आरोपित अपने 12 साल के भांजे को रेस्तरां में डिनर कराकर लौट रहा था।
जांच में पुलिस को पता चला कि स्कूटी पर सवार दो लोगों को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और राहगीरों को कुचल दिया। दुर्घटना में चार श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के अनुसार कार आरोपित के राजपुर रोड जाखन के निवासी बहनोई की है। आरोपित युवक मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।
एसएसपी अजय सिंह ने आरोपित कार चालक का नाम वंश कत्याल (22 वर्ष) निवासी बुद्ध बाजार दुर्गा मंदिर वाली गली निकट पुलिस थाना मुरादाबाद बताया।
एसएसपी ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपित ने भांजे व कार को बहनाेई के घर छोड़ा और खुद आइएसबीटी पहुंचकर दिल्ली भागने की फिराक में था। इसी बीच उसे पकड़ लिया गया।
बता दें कि, राजपुर रोड पर साईं मंदिर के पास बुधवार देर रात एक बेकाबू कार चालक ने पैदल चल रहे चार श्रमिकों को कुचलने के बाद दो स्कूटी चालकों को टक्कर मार दी थी।
इस मामले में मृतक श्रमिक मंशाराम के चाचा संजय कुमार की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या, दूसरों की जान खतरे में डालना, लापरवाही से वाहन चलाने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।