देहरादून। Weather Update: उत्तराखंड में दो दिन बाद आसमान से बादल छंटे हैं और ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली। वर्षा-बर्फबारी का सिलसिला थमने से प्रदेश में फौरी राहत मिली है। पहाड़ों में हिमाच्छादित क्षेत्रों में अभी दुश्वारियां बरकरार हैं, लेकिन निचले इलाकों में जनजीवन सामान्य हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। जबकि, सोमवार को प्रदेश में फिर आंशिक बादल छाने से लेकर हल्की वर्षा के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें व ओलावृष्टि हो सकती है।
धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत
प्रदेश में दो दिन लगातार हुई वर्षा-बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम ने राहत दी। पहाड़ों में भारी वर्षा के कारण कई जगह मार्ग बंद हो गए थे, जिसमें से ज्यादातर मार्ग सुचारू हो गए हैं और आवाजाही सामान्य है। इसके अलावा निचले इलाकों में भी धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से राहत मिली है।
हालांकि, सुबह-शाम सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बनी हुई है। पहाड़ों में तापमान अभी सामान्य से काफी कम है। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब एक डिग्री सेल्सियस कम है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।