देहरादून। आमजन के भीतर प्रशासन का भरोसा बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे जिलाधिकारी सविन बंसल का दिल झुग्गी में रहने वाले गरीब बच्चों पर पसीज गया। उन्होंने बांस की बावड़ी की दशा सुधारने के लिए तत्काल एक लाख रुपए स्वीकृत कर दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रेम नगर निवासी एक दिव्यांग महिला ने बताया कि वह बीते 18 वर्षों से झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को शिक्षित करने का काम कर रही है। अब तक वह 2500 बच्चों को शिक्षित कर चुकी हैं।
बावड़ी की मरम्मत को डीएम ने दिए एक लाख रुपए
उन्होंने बताया कि वह जिस बांस की बावड़ी में बच्चों को पढ़ाती हैं, उसकी दशा बेहद खराब है। बावड़ी की मरम्मत के लिए उन्हें 60 हजार रुपए की जरूरत है। दिव्यांग महिला के नेक कार्य और झुग्गी के बच्चों की स्थिति को समझते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने सीएसआर फंड से तत्काल एक लाख रुपए स्वीकृत कर दिए।
बच्चों के भविष्य संवारने को करेंगे हर संभव प्रयास
साथ ही भरोसा दिलाया कि वह बच्चों के भविष्य के लिए हर संभव सहायता करने को तैयार हैं। जनसुनवाई में ही डिफेंस कॉलोनी की बुजुर्ग महिला ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि उनके स्वजनों ने घर से निकाल दिया है। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए न सिर्फ एसएसपी कार्यालय स्थित सीनियर सिटीजन सेल के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, बल्कि महिला को सरकारी वाहन से सेल तक पहुंचाने का इंतजाम भी किया।