नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान इस वक्त लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं, जहां अभिनेता का ऑपरेशन चल रहा है। गुरुवार को आधी रात में सैफ अली खान के मुंबई के बांद्रा स्थित घर में चोरी का मामला सामने आया है। रात को तकरीबन 2: 30 बजे के आसपास अभिनेता के घर में एक अज्ञात शख्स चोरी के इरादे से आया था।
गंभीर रूप से घायल हुए सैफ अली खान को तुरंत ही लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बांद्रा पुलिस पिछले कई घंटों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही थीं। अब फाइनली पुलिस के हाथ सीढ़ियों से भागते हुए एक संदिग्ध की तस्वीर लगी है। सैफ अली खान पर हुए हमले पर सितारों से लेकर राजनीति की दुनिया से जुड़े लोग भी चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
न्यूरोसर्जन डॉ नितिन डांगे ने बताया कैसे हैं Saif Ali Khan
मीडिया से बातचीत करते हुए न्यूरोसर्जन डॉ नितिन डांगे ने सैफ अली खान के स्वास्थ्य पर अपडेट दी। उन्होंने कहा, “अज्ञात व्यक्ति के हमले के बाद सैफ अली खान को तकरीबन गुरुवार को आधी रात में 2 बजे के आसपास लीलावती अस्पताल में एड्म्मित किया गया था। रीढ़ की हड्डी में चाकू फंसने के कारण उन्हें गंभीर चोट आई थी। चाकू को निकालने के लिए और लीक हो रहे स्पाइनल फ्लूइड को ठीक करने के लिए ये सर्जरी की गई है। प्लास्टिक सर्जरी टीम ने उनके बाएं हाथ में लगी चोट और गर्दन में लगी चोट का इलाज किया है। उनकी सभी सर्जरी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ श्रीनिवास कुड़वा की निगरानी में की गई है।