देहरादून। अगर आप भी एटीएम पर रुपये निकालने जा रहे हैं, और रुपये न निकले तो वहां से जाने के बजाए संबंधित बैंक के टोल फ्री नंबर पर एक बार जरूरत संपर्क कर लें, ऐसा ना हो कि आपके रुपये कोई लेकर चले जाए।
ऐसे ही एक मामले में दून पुलिस ने एटीएम मशीन के धनराशि वाली प्लेट पर डबल टेप चिपका कर रुपये निकालने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देहरादून ही नहीं बल्कि गाजियाबाद व रुड़की में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी से 22 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं और घटना में इस्तेमाल वाहन को सीज कर दिया है।
यह है पूरा मामला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को सौरभ कन्नौजिया निवासी भट्टा कॉलोनी तेलपुर चौक मेहुंवाला माफी तेलपुर चौक मेहुंवाला स्थित हिटाची के एटीएम पर रुपये निकालने के लिए पहुंचा था।
जब उसने रुपये निकालने के लिए प्रोसेस पूरा किया तो उनके मोबाइल पर धनराशि निकलने का मैसेज आया, लेकिन एटीएम मशीन से रुपये बाहर नहीं निकले। सौरभ ने इसकी सूचना तत्काल बैंक के टोल फ्री नंबर पर दी।
एटीएम मशीन चेक करने पर पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम मशीन के कैश स्लॉट में लोहे की पट्टी पर डबल टेप लगाकर उनका पैसा होल्ड किया गया था। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी के पास से 22 हजार रुपये व कार बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कके लुंठी को तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक करते हुए घटना में शामिल आरोपी अफरोज आलम निवासी रामपार्क लोनी, थाना टोनिका सिटी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश को टी स्टेट प्रेमनगर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 22 हजार रुपये नकद व घटना में इस्तेमाल सेंट्रो कार बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया गया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले कुछ सालों से लोनी गाजियाबाद में रहता है। उसने पूर्व में भी रुड़की व गाजियाबाद में एटीएम में पत्ती लगाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
12 जनवरी को वह गाजियाबाद से देहरादून आया था तथा लालपुल, कांवली रोड व बल्लीवाला चौक के पास पीएनबी बैंक के एटीएम में पट्टी लगाकर लोगों से ठगी की। यहां से उसे 22 हजार रुपये मिले।
इन जगहों पर रुपये एटीएम से बाहर न आने पर संबंधित व्यक्ति उसे एटीएम में खराबी समझकर चले गए, लेकिन तेलपुर चौक के पास हिटाची के एटीएम से रुपये न निकलने पर व्यक्ति ने बैंक में शिकायत कर दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।