Uttarakhand Weather: पारा लुढ़का, बढ़ा सर्दी का सितम; फ‍िर बर्फ की सफेद चादर से ढकेंगी वादियां

 

देहरादून। Uttarakhand Weather: दून में मौसम के अचानक करवट लेने से कंपकंपी बढ़ गई है। दो दिन में पारे में करीब चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। दिनभर बादल मंडराने और सर्द हवाएं चलने से हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है।

हालांकि, मौसम विभाग की ओर से मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान दिया गया था, लेकिन बादलों के डेरे के बीच वर्षा के आसार बने हुए हैं। शुक्रवार को भी कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। शनिवार और रविवार को दून में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है।

दिनभर सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ी

उत्तराखंड में देहरादून समेत कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया है। आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप खिल रही है। साथ ही दिनभर सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है।

ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडराने से तापमान में भी गिरावट आई है। जिससे हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात के भी आसार बने हुए हैं। हालांकि, कहीं-कहीं दिनभर गुनगुनी धूप भी खिल रही है।

दो दिन बर्फबारी होने की आशंका

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को भी कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। साथ ही चोटियों पर हल्का हिमपात संभव है। शनिवार को प्रदेशभर में वर्षा और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। जिससे तापमान में भारी गिरावट आने की आशंका है। अगले कुछ दिन प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *