देहरादून । Dehradun RTO: इन दिनों देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में छा रहे घना कोहरे को देखते हुए आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने वाहन चालकों से जबरन वाहन का संचालन न करने की अपील की है।
आरटीओ की ओर से बचाव एवं सुरक्षात्मक उपाय की जानकारी भी दी गई, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण किया जा सके। बता दें कि धुंध या कोहरे के कारण दुर्घटना का खतरा कई गुना अधिक बढ़ जाता है। पिछले दिनों धुंध के कारण ही रुड़की में हरियाणा के युवकों की कार खड़े ट्रक में जा घुसी, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई थी।
हमेशा लेन में ही चलाएं वाहन
आरटीओ की ओर से दिए गए बचाव एवं सुरक्षा से जुड़े उपाय में बताया गया कि दृश्यता चाहे कैसी भी क्यों न हो, वाहन को हमेशा लेन में ही चलाएं। कोहरे की परिस्थितियों में इस नियम का पालन करना और भी जरूरी हो जाता है। जितना हो सके बीच वाली लेन में गाड़ी चलाने का प्रयास करें, जहां पर तीन लेन वाली सड़क हों।
वहीं, जब आप दो लेन वाली सड़क पर चल रहे हों तो दायीं तरफ रहने की कोशिश करें, क्योंकि बायीं तरफ गाड़ियां खड़ी रह सकती हैं। आरटीओ ने कहा कि जब सड़क पर दृश्यता कम रहती है तो आपको हैजार्ड लाइट (खतरे की रोशनी) चालू कर देनी चाहिए। इससे सड़क पर दृश्यता अच्छी हो जाती है। खड़ी गाड़ियों पर हैजार्ड लाइट्स के चालू रहने से इनको चलती हुई समझा जा सकता है। इस दौरान आपको पार्किंग लाइट्स का इस्तेमाल करना चाहिए।
हेड लाइट पर नजर रखें
कोहरे की परिस्थितियों में हेडलाइट्स को हाई बीम पर करने की जरूरत होती है। इससे ज्यादा दूरी पर तक देखने में मदद मिलती है, जो सामान्य परिस्थितियों में विजिबिलिटी में मदद करता है। कोहरे में गाड़ी को चलाते समय सामने वाली गाड़ी के पीछे चलना एक अच्छा विकल्प है, लेकिन अगर वह बहुत धीमी रफ्तार से चल रहा है तो उसे ओवरटेक करने का प्रयास न करें।
उससे उचित दूरी बनाए रखें। अगर सामने वाले वाहन का किसी अचानक परिस्थिति में ब्रेक लगता है तो आपको अपनी गाड़ी संभालने में समय मिलेगा। हो सके तो सामने वाले वाहन से तकरीबन 50 मीटर का अंतर बनाकर रखें।
कोहरा छंटने का इंतजार करें
आरटीओ ने कहा कि सबसे अच्छी सलाह यह है कि अगर कोहरा बहुत ही ज्यादा है तो किसी सुरक्षित जगह पर कार को पार्क करें और कोहरा छंटने का इंतजार करें। आराम करने से ड्राइविंग की थकान भी कम हो जाएगी। जब अपनी कार को सड़क किनारे पार्क करते हैं तो पार्किंग लाइट जरूर आन कर दें। जब तक नींद पूरी तरह से न ली जाए, कार न चलाए।