धुंध और कोहरे से बिगड़ी Dehradun की आबोहवा, सांस के रोगियों को खतरा

देहरादून । Air Pollution in Dehradun: दून की आबोहवा फिर बिगड़ती जा रही है। हवा में कोहरे-धुंध और आग के धुंए से दोबारा प्रदूषण बढ़ गया है। इससे सांस के रोगियों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

बीते दो दिनों से दून का औसत एक्यूआइ 200 के आसपास दर्ज किया जा रहा है। सर्दियों में धुंध के कारण वायु प्रदूषण हवा में तैरता रहता है। वाहनों का धुंआ और कूड़ा जलाने से भी वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।

दून का एक्यूआइ खराब स्तर पर

नए साल की शुरुआत के साथ अचानक दून का एक्यूआइ खराब स्तर पर पहुंचने लगा है। दून में बीते गुरुवार से ही हवा की सेहत बिगड़ रही है। शुक्रवार को एक्यूआइ 200 दर्ज किया गया।

दून के घाटी में स्थित होने के कारण यहां हवा में फैले पीएम-2.5 के कण समेत अन्य नुकसानदायक गैसें वातावरण में तैरती रहती हैं। यहां प्रदूषण को छंटने में अधिक समय लगता है। सर्दियां कम होने तक वायु की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद कम है।

इन दिनों में हवा में ही घूमता रहता है प्रदूषण

उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डा. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि इन दिनों में प्रदूषण हवा में ही घूमता रहता है। जो कि समय पर छंट नहीं पा रहा है और एक्यूआइ का स्तर बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार ठंडी हवा सघन होती है और गर्म हवा की तुलना में धीमी गति से चलती है। ठंडी हवा का घनत्व प्रदूषण को फंसा लेता है। ऐसे में सांस के रोगियों की तकलीफ बढ़ सकती है।

जरूरतमंदों को बांटे गर्म कपड़े

देहरादून: ठंड से बचाव को जरूरतमंदों को श्री महाकाल सेवा समिति ने भोगपुर थानो, प्रेमनगर और सेलाकुई में गर्म कपड़े, जूते और कंबल वितरित किए। समिति की टीम विभिन्न स्थानों पर पहुंची और वहां गर्म कपड़े वितरित किए।

समिति के अध्यक्ष रोशन राणा ने बताया कि इस अभियान के लिए विभिन्न क्षेत्र पूर्व में चिह्नित किए गए थे। जहां पर हर हफ्ते टीम जाकर जरूरतमदों को कपड़े वितरित कर रही है। इस मौके पर बालकिशन शर्मा, संजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल, आयुष जैन, गौरव जैन, आयुष बंसल, उमेश जिंदल, राहुल माटा, कृतिका राणा, अनुष्का राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *