Bulldozer Action: देहरादून में गरजा बुलडोजर, एक साथ 24 दुकानों को किया धराशायी

 

देहरादून। Bulldozer Action: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण पर कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के आदेश पर ऋषिकेश में 24 अवैध दुकानों पर एक साथ जेसीबी चला दी गई।

इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वाले लोगों में खलबली की स्थिति रही। क्योंकि सामान्य रूप में एमडीडीए अवैध निर्माण को पहले सील करता है, लेकिन इस बार सीधे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

ऋषिकेश में भारत मंदिर इंटर कालेज के पास अवैध रूप से 24 दुकानों का निर्माण किया गया था। जिस मार्ग पर दुकानों का निर्माण किया गया, उसकी चौड़ाई महज 15 फीट है। इसमें कमर्शियल रूप में निर्माण किए जाने को एमडीडीए उपाध्यक्ष ने गंभीरता से लिया।

ट्रैकरों के लिए उत्‍तराखंड में खास सौगात, केदारकांठा के बर्फ से ढके पहाड़ और बांसुरी वाले बाबा देते हैं अनूठा एहसास

स्थानीय नागरिकों में आक्रोश

अवैध रूप से खड़ी की गई दुकानों को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर एमडीडीए उपाध्यक्ष ने अवैध निर्माण पर सीधे ध्वस्तीकरण करने के निर्देश दिए। जिसके क्रम में शनिवार को भारी पुलिस बल और तहसील कार्मिकों के साथ पहुंची एमडीडीए की टीम ने जेसीबी से अवैध निर्माण ढहा दिए। इस कार्रवाई की स्थानीय निवासियों ने प्रशंसा की है।

अवैध निर्माण खड़ा होते ही करें कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण को आरंभ की अवस्था में ही रोक दिया जाए। इसके लिए सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ानी होगी। क्योंकि भवन खड़ा होने के बाद कार्रवाई के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। साथ ही उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी में शिथिलता बरतने वाले अभियंताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी। वह स्वयं अवैध निर्माण चिह्नित किए जाने और कार्रवाई के आंकड़ों की समीक्षा करेंगे।

कारगी ट्रांसफर स्टेशन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून: शहर के कूड़े को व्यवस्थित ढंग से शीशमबाड़ा प्लांट तक पहुंचाने के लिए नगर निगम की ओर से ट्रांसफर स्टेशन को आधुनिक बनाया जा रहा है। धोरण के बाद कारगी के डपिंग जोन की भी हालत सुधारी जा रही है और यहां कांपैक्टर मशीन लगाने की तैयारी है।

इसके बाद यह भी मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन के रूप में निगम का काम आसान करेगा। हालांकि, अभी कार्य अधूरा है। जिस पर नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान स्टेशन की भूमि को अपना बताने वाले कुछ लोग हंगामा करने पहुंचे। जिस पर उन्हें बैरंग लौटा दिया गया और कार्य जारी है।

नगर निगम के धोरण और कारगी चौक के पास दो कूड़ा ट्रांसफर सेंटर हैं। जहां शहर के ज्यादातर क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र कर पहुंचाया जाता है। छोटे-बड़े वाहन यहां कूड़ा डंप करते हैं, जिसे तौल के बाद बड़े वाहनों से शीशमबाड़ा प्लांट भेजा जाता है। खुले में कूड़ा ले जाने से शहर की सूरत बदरंग होती है और बदबू से आसपास के लोगों का जीना मुहाल रहता है।

कारगी में तीन व धोरण में दो कांपैक्टर यूनिट लगाने का प्रस्ताव था। जिसे स्मार्ट सिटी की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंट यूनिट तैयार कर रही है। जिसमें से धोरण का कार्य लगभग पूरा हो गया है। अब कारगी में कार्य चल रहा है। जिसमें नगर आयुक्त नमामि बंसल ने तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *