हरिद्वार। Road Rage Case in Haridwar: आगे निकलने के लिए हॉर्न बजाने पर स्कूटी और बुलेट सवार चार युवकों ने पीछे चल रहे बुलेट सवार युवक को बुरी तरह पीटा। गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रॉन्ग साइड में लहरा-लहरा कर चल रहे थे बुलेट व स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर के मोहल्ला धीरवाली निवासी अभिषेक भारद्वाज ने तहरीर देकर बताया कि अपनी बुलेट से पुल जटवाड़ा की ओर जा रहा था। पांवधोई चौक के पास सुशांत शर्मा उर्फ सोनू पटवारी निवासी, मोहल्ला चाकलान, ऋषभ सैनी निवासी नीलखुदाना ज्वालापुर व दो अन्य अज्ञात युवक पर एक बुलेट व एक स्कूटी रॉन्ग साइड में लहरा-लहरा कर चल रहे थे।
बुलेट से हॉर्न दिया तो आगे चल रहे चारों युवक आग बबूला हो गए
अभिषेक ने आगे निकलने के लिए अपनी बुलेट से हॉर्न दिया तो आगे चल रहे चारों युवक आग बबूला हो गए। तैश में आकर उसे पांवधोई चौक के मंदिर के गेट के सामने रोककर बुलेट से धक्का देकर गिराया और लात घूसों व थप्पड़ों से हमला कर दिया। साथ ही गालियां देने लगे।
जान से मारने की धमकी देकर भाग गए आरोपित
तभी उधर से गुजर रहे सुधीर शर्मा, कार्तिक त्रिपाठी निवासी कनखल व भास्कर खेवडिया निवासी डाट मोहल्ला ज्वालापुर और शोभित भारद्वाज निवासी धीरवाली ज्वालापुर आदि ने उसकी जान बचाई। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
अचानक हुए हमले से अभिषेक की तबीयत खराब हो गई और गुम चोट आने के कारण वह सदमे में आ गया। इलाज कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।