Weather Update: उत्तराखंड में सूरज ने किया बेहाल, टूटा 50 साल का रिकॉर्ड; मौसम विभाग ये है आज का पूर्वानुमान

 

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून कमजोर पड़ने के बाद मौसम शुष्क बना हुआ है और चटख धूप पसीने छुड़ा रही है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में शुष्क मौसम के बीच पारे में उछाल दर्ज किया जा रहा है।

यही नहीं दून में तो सोमवार को पारे ने 50 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वर्ष 1974 के बाद पहली बार सितंबर में दून का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। जबकि, बुधवार को कुमाऊं में तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं।

दिन में निकल रही है चटख धूप

दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिनभर चटख धूप खिल रही है और गर्मी बेहाल कर रही है। हालांकि, सुबह-शाम मौसम सुहावना बना हुआ है। चटख धूप खिलने से दून में पारा तेजी से चढ़ा है। सोमवार को दून का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।

तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई

बीते तीन दिन में ही पारे में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। वहीं, यह 50 वर्ष में सितंबर में दून का सर्वाधिक तापमान है। सितंबर में दून में सर्वाधिक तापमान का आल टाइम रिकार्ड चार सितंबर 1974 में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इधर, दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में आज भी मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *