हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Election 2024 ) के बीच कांग्रेस अंतर्कलह से जूझ रही है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस दलित नेता कुमारी सैलजा को लगातार साइड कर रही है। इतना ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तो सिरसा सासंद कुमारी सैलजा को भाजपा में शामिल होने तक का ऑफर दे दिया है।
मनोहर लाल ने सैलजा को दी जन्मदिन की बधाई
हरियाणा में 90 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस महासचिव और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा को लेकर नाराजगी से जुड़ी जानकारी आ रही है। भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि कांग्रेस सैलजा को साइड-लाइन कर रही है।
इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तो सैलजा को भाजपा में शामिल होने तक का ऑफर भी दिया है। हालांकि, सैलजा ने केंद्रीय मंत्री के ऑफर को ठुकराते हुए कहा है कि उनकी रगो में कांग्रेस का खून दौड़ता हैं। इतना ही नहीं सैलजा ने कहा कि उन्हें नसीहत न दिया जाए।
सैलजा के इस बयान के बाद भी मनोहर लाल के मन में उनके लिए खटास नजर नहीं आ रही है। उन्होंने आज सिरसा सांसद को लेकर फिर से सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है। दरअसल, मनोहर लाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सैलजा को जन्मदिन की बधाई दी है।
क्या भाजपा में शामिल होंगी सैलजा?
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बहन कुमारी सैलजा जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और जीवन में नित नए आयामों को प्राप्त करें, ईश्वर से यही प्रार्थना है। उनके इस पोस्ट के बाद से लोगों को लग रहा है कि सैलजा और भाजपा के बीच बात चल रही है और सिरसा सांसद कभी भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।