पेट्रोल पंप पर तेल भरवाकर बिना रुपये दिए फरार हुए पांचों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। साथ ही थार को सीज कर दिया। पांचों युवक देहरादून के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के छात्र निकले। छात्रों के भविष्य को देखते हुए व्यापारियों ने पुलिस से कार्रवाई न करने का अनुरोध किया। इस पर सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
31 अगस्त को पांच युवक किंग्रेग पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने वाहन में 4600 रुपये का तेल भरवाया और फरार हो गए। पंप संचालक ने पुलिस से शिकायत की। इस पर बुधवार को पांचों युवकों को पुलिस कोतवाली ले आई। पंप संचालक भी कोतवाली पहुंच गए। पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष मित्तल ने कहा कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए उन्हें सुधरने का एक मौका दिया गया। साथ ही परिवार को दी जानकारी दी गई। पकड़े गए छात्र बीटेक, बीबीए, एलएलबी, बी फार्मा कर रहे हैं। शहर कोतवाल अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि व्यापारियों के आग्रह पर युवकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया है। बताया कि थार के पूर्व में कई बार ऑनलाइन चालान हुए हैं। इनके भुगतान के बाद ही गाड़ी को छोड़ा जाएगा। संवाद