Kolkata Doctor Rape-Murder Case: आज उत्‍तराखंड में 24 घंटे के कार्य बहिष्कार पर डॉक्‍टर, मरीज हलकान

देहरादून। Doctors Strike : आज उत्‍तराखंड में सरकारी व निजी अस्पतालों के डॉक्‍टर 24 घंटे के कार्य बहिष्कार पर हैं। कोलकाता में महिला रेजिडेंट चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 24 घंटे के कार्य बहिष्कार का एलान किया है।

चिकित्सक शनिवार सुबह छह बजे से रविवार सुबह छह बजे तक कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। हालांकि कार्य बहिष्कार के दौरान इमरजेंसी, पोस्टमार्टम व वीआइपी ड्यूटी यथावत चलती रहेगी। लेकिन ओपीडी व इलेक्टिव सर्जरी नहीं की जाएगी

वहीं उत्‍तराखंड में निजी व सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों व स्टाफ के कार्य बहिष्कार के चलते मरीजों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ी। सिर्फ गंभीर मरीजों, डिलीवरी को आने वाली महिलाओं को ही उपचार मिला।

ओपीडी ठप रहने से मरीजों को न सरकारी न प्राइवेट अस्पताल में उपचार मिला। मरीजों के तीमारदारों ने मेडिकल स्टोरों पर लक्षण बताकर दवा खरीदी और मरीजों को खिलाई।

कोरोनेशन की ओपीडी बंद

देहरादून में डॉक्टरोंं के कार्य बहिष्कार के चलते जिला अस्पताल कोरोनेशन की ओपीडी बंद है।

चिकित्सकों ने निकाला कैंडल मार्च

देहरादून: कोलकाता की घटना से गुस्साए दून के चिकित्सकों ने शुक्रवार शाम को कैंडल मार्च निकाला। पटेलनगर स्थित दून मेडिकल कालेज से शुरू हुए इस कैंडल मार्च में दून मेडिकल कालेज व एसजीआरआर मेडिकल कालेज के पीजी, रेजिडेंट चिकित्सक व एमबीबीएस छात्र शामिल हुए।

कैंडल मार्च लालपुल और इसके बाद फिर वापस दून मेडिकल कालेज गेट पर समाप्त हुआ। जिसके बाद चिकित्सकों ने दिवंगत महिला चिकित्सक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही महिला चिकित्सक के साथ जघन्य अपराध करने वाले अपराधियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया। आइएमए की तरफ से डा डीडी चौधरी, डा संजय उप्रेती, डा शलभ कुड़ियाल, डा एश्वर्य, डा शिवम गुप्ता व डा मयंक आदि शामिल रहे।

कार्य बहिष्कार पर रहे पीजी चिकित्सक

देहरादून: दून मेडिकल कालेज के पीजी चिकित्सक व जेआर शुक्रवार को कार्य बहिष्कार पर रहे। उन्होंने ओपीडी, आइपीडी एवं ओटी में अपनी सेवाएं नहीं दी। उनके कार्य बहिष्कार से अस्पताल की सेवाओं पर आंशिक रूप से असर पड़ा। चिकित्सकों ने ओपीडी बिल्डिंग के बाहर धरना भी दिया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *