देहरादून। Dehradun Arhat Bazar Shifting: शहर के सबसे बड़े बाटलनेक आढ़त बाजार की शिफ्टिंग में फंसी मुआवजे की बाधा भी दूर कर दी गई है। सभी छह श्रेणियों में मुआवजा तय किए जाने के बाद इसके वितरण की कार्यवाही मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की बोर्ड बैठक के अनुमोदन के इंतजार में लंबित थी
मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक में मुआवजे की दरों पर मुहर लगा दी गई हैं। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के मुताबिक मुआवजे की दरें बोर्ड से पास हो जाने के बाद अब इसका वितरण कर व्यापारियों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
18 से 24 मीटर होगी सड़क की चौड़ाई
चौड़ीकरण में शामिल सहारनपुर चौक से तहसील चौक के बीच की 1.55 किलोमीटर सड़क की अभी औसत चौड़ाई 18 मीटर है। आढ़त बाजर क्षेत्र में यह चौड़ाई और भी कम है। इससे पूरे क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी रहती है। एंबुलेंस तक को निकालने का रास्ता नहीं मिल पाता।
अब प्रस्ताव के मुताबिक चौड़ाई 24 मीटर हो जाने के बाद जाम की समस्या काफी हद तक दूर की जा सकेगी। लोनिवि प्रांतीय खंड ने चौड़ीकरण कार्य के लिए करीब 28 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार की है। हालांकि, मुआवजे के क्रम में अब डीपीआर में भी शीघ्र आवश्यक संशोधन कर इस कार्य में भी तेजी लाई जाएगी।
नए स्थल पर 35 हजार की दर पर प्लाट
आढ़त बाजार शिफ्टिंग परियोजना में प्रभावित होने वाले कारोबारियों और अन्य व्यक्तियों को अतिरिक्त राहत दी गई है। नए स्थल पर प्लाट का आवंटन मुआवजे के मुकाबले काफी कम दर पर किया जाएगा। यह दर करीब 35 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर तय की गई है।