केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई एनआईआरएफ रैंकिंग 2024
केंद्र सरकार की ओर से जारी एनआईआरएफ सूची में ग्राफिक एरा को 52वीं रैंक मिली है। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी पांच साल से लगातार देश के टॉप सौ विश्वविद्यालयों की केंद्र सरकार की सूची में स्थान पा रही है। विवि प्रबंधन एवं प्रशासन ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि विवि ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
केंद्र सरकार की देश के 100 टॉप विश्वविद्यालयों की सूची में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी को पांचवीं बार शामिल किया गया है। इस बार पहले से भी अच्छी रैंक मिली है। पिछले साल ग्राफिक एरा केंद्र सरकार की इस रैंकिंग में देश में 55वां स्थान मिला था। वहीं पिछले साल इंजीनियरिंग की शिक्षा देने वाले संस्थानों में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी 62वें स्थान पर थी। मैनेजमेंट की शिक्षा के लिए ग्राफिक एरा को इस बार रैंकिंग में 59वीं रैंक मिली है। पिछले साल यह रैंक 65 थी। ग्राफिक एरा को सौ शीर्ष विश्वविद्यालयों में स्थान मिलने पर यूनिवर्सिटी में छात्र छात्राओं ने नाच गाकर खुशी का इजहार किया गया और शाम मिठाइयां बांटी गई। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन प्रोफेसर कमल घनशाला ने कहा कि यह रैंकिंग विश्व की सबसे नई टेक्नोलॉजी से प्रयोगशालाओं को जोड़ने, पूरी दुनिया को लाभांवित करने वाली नई खोजों, बड़े पैमाने पर पेटेंट और रिसर्च के साथ शिक्षा के उच्च स्तर पर केंद्र सरकार की सराहना की तरह है।
राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों को नहीं मिली रैंकिंग में जगह
केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) 2024 जारी कर दी गई है। इस बार भी राज्य के सरकारी विश्वविद्यालयों को देश के सौ संस्थानों की सूची में जगह नहीं मिल पाई है। हालांकि आईआईटी रुड़की को पहले दस विवि की सूची में स्थान मिला है। वहीं राज्य में कुछेक प्राइवेट विश्वविद्यालयों को भी पहले सौ विश्वविद्यालयों की सूची में जगह मिली है। लेकिन सरकारी विवि को जगह नहीं मिल पाने को लेकर शैक्षिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।