UK Weather Today: उत्तराखंड में मौसम ने फिर ली करवट, 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट – Rajdhani Ki Hunkar

UK Weather Today: उत्तराखंड में मौसम ने फिर ली करवट, 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

देहरादून। मानसून की विदाई के बावजूद उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिन प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार मंगलवार को बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। बीते शनिवार को प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव के आसार बने हैं।

इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *