देहरादून में पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या, शराब पिलाने के बाद जंगल में उतारा मौत के घाट… दोनों गिरफ्तार

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडुवाला में हुई श्रमिक की हत्या का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी

शराब पिलाने के बहाने पति को जंगल में ले जाया गया, जहां प्रेमी ने धारदार हथियार से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।

गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान

पुलिस के मुताबिक तीन अक्टूबर को मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव बरामद होने की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रेमनगर पुलिस को मिली थी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी ग्राम जामगा, जिला सहरसा बिहार, हाल निवासी मंडुवाला झाझरा, देहरादून के रूप में हुई। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून परमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर प्रेमनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए साक्ष्य जुटाए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले श्रमिकों का सत्यापन किया और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल एक युवक मांडुवाला से सुंदरवाला जाने वाले मार्ग के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर ललन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की बात स्वीकारी

पूछताछ में ललन शर्मा ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडुवाला में सुनील टेलर के यहां किराये पर रहकर मजदूरी करता है। पिछले दो-तीन वर्षों से उसकी मृतक मदन मुखिया की पत्नी मीना से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपित के अनुसार मदन को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। वह मीना को धमकी देता था और इसी बात को लेकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन ललन ने मृतक की पत्नी से संपर्क किया। इसके बाद मीना ने मदन को अपने साथ मांडुवाला के जंगल में चलने के लिए कहा। वहां शराब पिलाने के बाद ललन ने धारदार चाकू से मदन की गर्दन पर वार कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और वारदात में इस्तेमाल चाकू को पास की झाड़ियों में छिपा दिया।

पुलिस ने ललन की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया। इसके बाद मृतक की पत्नी मीना को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मीना का मृतक के साथ करीब तीन वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और हत्या की साजिश में उसकी भी भूमिका सामने आई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *