गूगल मैप की राह में फंस रहा देहरादून, तंग गलियों में अटक रहे बड़े वाहन… पर्यटक परेशान

देहरादून। जाम से बचने के लिए गूगल मैप का सहारा लिया, लेकिन मंजिल तक पहुंचने के बजाय तंग गलियों में फंस गए। देहरादून में दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थिति परेशानी का सबब बन रही है।

शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ते ही गूगल मैप वैकल्पिक रास्तों के नाम पर वाहनों को ऐसी संकरी गलियों में भेज रहा है, जहां से निकलना बड़े वाहनों के लिए मुश्किल हो रहा है। झंडा बाजार, धामावाला से लेकर गढ़ी कैंट के नींबूवाला तक कई इलाकों में इस समस्या से जाम लग रहा है।

लग रहा जाम 

वीकेंड पर दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटकों और यात्रियों के पहुंचने से दून की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में अनजान शहर में रास्ता तलाशने को चालक गूगल मैप पर निर्भर रहते हैं। लेकिन यातायात के दबाव के बीच मैप उन्हें मुख्य मार्गों के बजाय आसपास की संकरी गलियों से जाने का विकल्प दिखा रहा है

इन रास्तों पर बड़े वाहन पहुंचने के बाद न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है

झंडा बाजार में फंस रहे वाहन, कारोबार भी प्रभावित

सहारनपुर चौक से घंटाघर और चकराता रोड की ओर जाने वाले कई वाहन चालक गूगल मैप के निर्देश पर झंडा बाजार में प्रवेश कर रहे हैं।

बाजार के शुरुआती हिस्से में रास्ता अपेक्षाकृत चौड़ा होने के कारण वाहन चालक आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन श्री दरबार साहिब के पास मार्ग संकरा हो जाता है। यहां बड़े वाहनों के फंसने से पीछे वाहनों की कतार लग जाती है। बाजार में पहले से मौजूद भीड़ और वाहनों के बीच जाम की स्थिति बनने से व्यापारियों और खरीदारों को भी दिक्कत होती है

गढ़ी कैंट के नींबूवाला क्षेत्र में भी गूगल मैप की राह वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रही है। टपकेश्वर मंदिर जाने के लिए मैप कई बार नींबूवाला की संकरी गलियों से रास्ता दिखा रहा है।

शुरुआत में रास्ता ठीक नजर आने के कारण वाहन चालक आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन कुछ दूरी के बाद मार्ग इतना संकरा हो जाता है कि बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में चालकों को वाहन वापस मोड़ने पड़ते हैं, जिससे पहले से सीमित मार्ग पर यातायात और बाधित हो जाता है

अब स्थानीय लोगों ने लगाए चेतावनी बोर्ड

गलियों में बाहरी वाहनों की आवाजाही और जाम से परेशान स्थानीय लोगों ने खुद ही वाहन चालकों को आगाह करने की पहल की है।

नींबूवाला की टपकेश्वर कालोनी में स्थानीय लोगों ने चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, जिन पर लिखा है, ””आगे तंग रास्ता है, गूगल गलत दिखाता है।”” इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को संकरी गलियों में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *