Dehradun News: खराब मछली के लिए विवाद, गुस्से में शीशे पर मारा घूंसा, रक्तस्राव से युवक की मौत

सेलाकुई थाना क्षेत्र में सोमवार को खराब मछली लौटाने को लेकर हुए विवाद में तैश में आकर एक युवक ने चिकन शॉप के शीशे पर जोरदार मुक्का मार दिया। इससे टूटा हुआ शीशा सीधे उसकी कलाई में धंस गया और नस कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। लहूलुहान युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्थानीय निवासी हरेंद्र सिंह रावत (36) अपने दोस्त निर्मल बिष्ट के साथ सेलाकुई बाजार स्थित पंवार चिकन शॉप से एक किलो मछली खरीदकर ले गया था। घर पहुंचने पर मछली से दुर्गंध आने लगी। इस पर दोनों वापस दुकान पर पहुंचे और खराब मछली देने की शिकायत की। इसे लेकर दुकान मालिक मनीष पंवार और कर्मचारी संतोष थापा से उनकी तीखी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने मछली वापस लेकर उनके 180 रुपये लौटा दिए और उन्हें वहां से जाने को कहा।

पैसे वापस मिलने के बावजूद हरेंद्र का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अचानक तैश में आकर दुकान में लगे टफन ग्लास पर मुक्का दे मारा। शीशा टूटकर गहराई तक उसकी कलाई में जा धंसा, जिससे नस कट गई और खून का फव्वारा फूट पड़ा। लहूलुहान हालत में उसका दोस्त निर्मल उसे बाइक पर बैठाकर धूलकोट स्थित एक निजी अस्पताल ले गया। लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद हरेंद्र की मौत हो गई।

प्रारंभिक पूछताछ और चश्मदीदों के अनुसार, घटना के वक्त हरेंद्र और उसका दोस्त निर्मल दोनों नशे की हालत में थे। मृतक के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *