देहरादून: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादल मंडरा रहे हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी है
हालांकि, पिछले दिनों की अपेक्षा फिलहाल भारी बारिश से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारों की संभावना जताते हुए चार जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है
देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में भारी वर्षा होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय जनपदों के साथ ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों को मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है
बुधवार से प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में मौसम फिर करवट ले सकता है। यहां कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बौछारें
प्रदेश में फिलहाल पहाड़ों पर बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत अधिक बनी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ रही हैं, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में मानसून की गतिविधि कुछ धीमी पड़ सकती है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।