देहरादून। स्वच्छ और स्वस्थ दून के सपने को साकार करने के लिए नगर निगम देहरादून की ओर से राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनकैप) के तहत बाजारों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान निगम ने लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए अनूठा तरीका अपनाया है। बाजारों में निगमकर्मी अलग-अलग रंग और प्रकार के डस्टबिन की पोशाक पहनकर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं और स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं
नगर निगम की टीम बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों, ग्राहकों और आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, कूड़े को निर्धारित डस्टबिन में डालने व गीले-सूखे कूड़े के उचित निस्तारण की अपील कर रही है। डस्टबिन के रूप में निगमकर्मियों की मौजूदगी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रही है और संदेश को सहज एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद कर रही ह
अभियान के दौरान निगम की ओर से आमजन को पौधे भी वितरित किए जा रहे हैं। लोगों से पौधों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में लगाने व उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की जा रही है। निगम का उद्देश्य स्वच्छता के साथ शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि नगर निगम की ओर से दुकानदारों और आमजन को समझाया जा रहा है कि बाजारों की स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों से सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की गई।