dehradun-city उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी! देहरादून में तमसा उफनाई, बहा डंपर… सहस्त्रधारा में डूबा दिल्ली का पर्यटक

देहरादून। उत्तराखंड में मूलसलार बारिश का कहर जारी है। रविवार को एक बार फिर देहरादून में तमसा नदी उफान पर आ गई। उमेदपुर गोल चक्कर के पास तमसा नदी में डंपर बह गया।

सात जिलों के लिए वर्षा का यलो अलर्ट

प्रदेश में बादल मंडरा रहे हैं और बौछारों का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

सहस्त्रधारा में डूबा दिल्ली का पर्यटक, मौत

देहरादून: सहस्त्रधारा में नहाते समय दिल्ली का एक व्यक्ति तेज बहाव में डूब गया। सूचना पर एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया। काफ़ी देर बाद व्यक्ति का शव झरने से दो किलोमीटर दूर से बरामद हुआ। सहस्त्रधारा में पर्यटकों की एक माह में डूबने की यह तीसरी घटना।

रविवार को सुबह एसडीआरएफ को आपदा कंट्रोल देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में दिल्ली निवासी नौथ राम (50) नहाते समय डूब गया है। मृतक दिल्ली के मादीपुर गांव का निवासी है। मृतक अपने दोस्तों के साथ सुबह ही सहस्रधारा पहुंचा था।

सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान टीम ने सहस्त्रधारा झरने से दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास से व्यक्ति का शव बरामद किया। टीम ने शव को पुलिस को सौंप दिया है।

टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास गिरा पेड़ 

वहीं ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे पुराने आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई और सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम को फोन किया गया। इसके बाद पेड़ के कुछ हिस्से को काटकर सड़क से हटाया गया और यातायात सुचारू कराया गया। हालांकि, क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अभी भी बाधित है। सोमवार को सावन का अंतिम सोमवार होने के साथ ही 26 अगस्त को टपकेश्वर महादेव मंदिर की शोभायात्रा भी प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासन से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने और पेड़ के शेष हिस्से को हटाने की मांग की गई है।

उधर, टपकेश्वर मंदिर के पास बहने वाली तमसा नदी का जलस्तर भी रविवार सुबह अचानक बढ़ गया। इससे कुछ देर के लिए संतोषी माता मंदिर का संपर्क बाधित रहा। बाद में जलस्तर कम हो गया और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।

माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर के संस्थापक योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने कहा कि पेड़ का कुछ हिस्सा हटाकर यातायात व्यवस्थित कर दिया गया है, लेकिन बिजली आपूर्ति अभी बाधित है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नदी तटों पर नहीं जाने की अपील की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *