जय भारत स्वायत्त सहकारिता की चतुर्थ वार्षिक साधारण सभा में ₹1.60 लाख लाभांश वितरित

भैसियाछाना।मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा के दिशानिर्देश व उनके मार्ग दर्शन से ग्रामोत्थान- REAP परियोजना द्वारा अंगीकृत जय भारत स्वायत्त सहकारिता की चतुर्थ वार्षिक साधारण सभा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्रीमती नीमा आर्या एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

वार्षिक सभा के दौरान सहकारिता द्वारा अपने सदस्यों को ₹1,60,650 का लाभांश वितरित किया गया। मुख्य अतिथि नीमा आर्या ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता की मजबूती के लिए सभी सदस्यों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने सामूहिक प्रयासों से सहकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

ग्रामोत्थान REAP परियोजना के सहायक प्रबंधक श्री संदीप सिंह ने परियोजना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि REAP के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने और सहकारिताओं को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री चंदन सिंह मेहरा ने REAP परियोजना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता द्वारा जूस, अचार सहित विभिन्न स्थानीय उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने विकासखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं ब्लॉक मिशन प्रबंधक ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की गतिविधियों की जानकारी दी। आजीविका समन्वयक द्वारा सहकारिता के सिद्धांतों एवं सामूहिकता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

सभा के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 05 लाभार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आनन्द आर्य द्वारा किया गया।

इस अवसर पर आजीविका समन्वयक मोहन जोशी, मीना बिष्ट, प्रेमा, कोमल, धौलादेवी के आजीविका समन्वयक मनोज बोरा, मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं वित्त सहायक गौरव पाठक, गंगा सिंह, दीपक सहित विकासखंड भैसियाछाना के सहकारिता स्टाफ एवं शेयरधारक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *